न्यूज डेस्क: रांची के कांके प्रखंड अंतर्गत चामा ग्राम के कुछ ग्रामीण आज पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से मिलने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी 800 एकड़ से अधिक खेतिहर जमीन पर स्थानीय थाना एवं अंचल अधिकारियों की मिलीभगत से बिल्डरों/दलालों द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने इस संबंध में ट्वीट कर कहा कि सीएनटी एक्ट लागू होने के बावजूद सरकारी संरक्षण में आदिवासियों/मूलवासियों की पुस्तैनी जमीन लूटी जा रही है और उन्हें विस्थापित किया जा रहा है, जिसे रोका जाना जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जल्द ही क्षेत्र का दौरा कर नगड़ी आंदोलन की तर्ज पर आगे की आंदोलनात्मक रणनीति तय की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर आदिवासी भूमि सुरक्षा, कानून के अनुपालन और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
