सरायकेला: सरायकेला जिले के आदित्यपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ एक पत्रकार और उनके परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर में पत्रकार अंकित शुभम और उनके परिवार के सदस्यों पर सुभाष यादव के परिवार द्वारा बेरहमी से हमला किया गया। घटना करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। इस हमले में पत्रकार अंकित शुभम सहित उनके पिता, माता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार, मामूली वाहन पार्किंग विवाद के बाद सुभाष यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि अंकित शुभम को घेरकर बुरी तरह पीटा गया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने चार पहिया वाहन से कुचलने की भी कोशिश की, हालांकि आसपास के लोगों की सूझबूझ से उनकी जान बच सकी।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि हमले के बाद अंकित शुभम से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी सुभाष यादव अक्सर इलाके में लोगों के साथ बदसलूकी करता रहा है और पार्किंग को लेकर आए दिन विवाद करता रहता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पार्किंग को लेकर विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई है। पत्रकार अंकित शुभम को गंभीर चोटें आई हैं, खासकर नाक से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस मामले में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, आरोप है कि घटना के बाद जब मीडिया मौके पर कवरेज के लिए पहुँची, तब भी आरोपी परिवार की ओर से पत्रकारों के साथ बदतमीजी की गई।


