चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के लेटेमदा गांव में जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, लेटेमदा निवासी गौरंग महतो उर्फ बुका महतो अहले सुबह घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान जंगली हाथी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को अवगत कराया। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने वन विभाग चांडिल के रेंजर और फॉरेस्टर से संपर्क कर पीड़ित परिवार को नियमों के अनुसार शीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
जिला परिषद उपाध्यक्ष ने वन विभाग को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की टीम गांव में मौजूद है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग तेज हो गई है।
