Saraikela: सरायकेला-खरसावां में अफीम विरोधी अभियान जारी; कांड्रा पुलिस ने 100 किसानों को रबी फसल के बीज वितरित किए


सरायकेला: सरायकेला-खरसावाँ जिले में अफीम के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज एक सराहनीय पहल देखने को मिली है।

पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावाँ के निर्देशानुसार दिनांक 16 दिसंबर 2025 को सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत कांड्रा थाना क्षेत्र की हुदु पंचायत अंतर्गत ग्राम शारदाबेड़ा एवं जगंलीखास में अफीम विरोधी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पु०नि० सह थाना प्रभारी कांड्रा द्वारा लगभग 100 किसानों के बीच रबी फसल के बीज का वितरण किया गया, ताकि किसान अफीम की खेती छोड़कर वैकल्पिक एवं वैध खेती को अपनाएं।

बीज वितरण के अंतर्गत किसानों को 200 किलोग्राम आलू का बीज, 80 किलोग्राम सरसों का बीज, 35 किलोग्राम चना का बीज, 150 किलोग्राम गेहूं का बीज और 90 किलोग्राम मटर का बीज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने किसानों को अफीम की खेती से होने वाले कानूनी और सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए वैकल्पिक फसलों से होने वाले लाभों पर भी प्रकाश डाला।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस तरह के अभियानों से न सिर्फ नशे के खिलाफ लड़ाई मजबूत हो रही है, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post