Saraikela: गम्हरिया के रापचा में पीसीसी सड़क निर्माण पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने लगाया घटिया सामग्री उपयोग का आरोप


सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड के रापचा पंचायत अंतर्गत रापचा गांव में बन रही पीसीसी सड़क को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने गंभीर आपत्तियाँ जताई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया की, पहले से मौजूद पीसीसी सड़क के ऊपर नई पीसीसी लेयर डाली जा रही है, लेकिन मानकों का पालन बिल्कुल नहीं किया जा रहा। ग्राम प्रधान बसंत टुडू ने बताया कि निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री निम्न गुणवत्ता की है, जिससे सड़क जल्द ही खराब होने की आशंका बढ़ गई है।

पंचायत के पूर्व मुखिया जवाहरलाल माहली ने भी निर्माण कार्य पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में उपायुक्त को लिखित शिकायत देंगे। उनका कहना है कि घटिया निर्माण होने के कारण नई पीसीसी सड़क छह महीने भी नहीं टिक पाएगी।

ग्रामीणों का आरोप है कि जल छिड़काव और क्योरिंग की प्रक्रिया सही तरीके से नहीं की जा रही है, जो सड़क की मजबूती को सीधे प्रभावित करती है। ग्रामीणों ने विभाग से निर्माण स्थल की जांच कराने और घटिया निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने साफ कहा है कि वे गुणवत्तापूर्ण सड़क चाहते हैं और इसके लिए वे प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। मामले की जांच होती है या नहीं, अब प्रशासन की पहल पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post