Ghatshila By-election: घाटशिला उपचुनाव में झामुमो का चुनाव प्रचार तेज - मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की विशाल जनसभा


मुसाबनी/सुनील कुमार साहू: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झामुमो प्रत्याशी के समर्थन में मुसाबनी प्रखंड के कुईलीसुता गांव के मार्शल मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया।


मुसाबनी के कुलीसुता मार्शल मैदान में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी - पूरा मैदान खचाखच भरा हुआ था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कोल्हान की सांसद जोबा मांझी, मंत्री दीपक बिरूआ, विधायक लुईस मरांडी, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू और कुणाल सारंगी सहित कई गणमान्य नेता मौजूद थे। सभा में स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन की धर्मपत्नी और उनके परिवारजन भी शामिल हुए।


अपने संबोधन में मंत्री दीपक बिरूआ ने कहा कि स्वर्गीय रामदास सोरेन ने घाटशिला क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके प्रयासों से हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की माइंस दोबारा शुरू हुईं और हजारों लोगों को रोजगार मिला। उन्होंने जनता से अपील की कि रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाएं।


वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर दलित और आदिवासी समाज को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झूठे आरोपों में उन्हें जेल भेजा गया, लेकिन अब जनता सब देख रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय रामदास सोरेन की सोच थी - “बेहतर घाटशिला बनाना।” उन्होंने कहा कि उसी सपने को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने घाटशिला में ट्राइबल यूनिवर्सिटी और मुसाबनी में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना का निर्णय लिया है।



मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि घाटशिला की जनता एक बार फिर झामुमो पर भरोसा जताएगी और सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से जीत दिलाएगी। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में अब मुकाबला दिलचस्प हो गया है - जहां एक ओर झामुमो दिवंगत मंत्री के बेटे को आगे ला रही है, वहीं विपक्ष भी अपनी रणनीति में पूरी ताकत झोंक चुका है। अब देखना होगा जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post