सरायकेला/आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में महिंद्रा शोरूम परिसर में हुए मारपीट कांड का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित देवराज महतो और उनके परिजनों ने नामजद आरोपी स्क्रैप कारोबारी महादेव महतो की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मंगलवार को महिंद्रा शोरूम परिसर में स्क्रैप कारोबारी महादेव महतो और उसके साथियों द्वारा हमला किए जाने के बाद पीड़ित देवराज महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। देवराज ने आरोप लगाया कि यह पहला हमला नहीं है, महादेव महतो पिछले कई मौकों पर भी उन पर जानलेवा हमला कर चुका है, लेकिन हर बार मामला दबा दिए जाने से आरोपी के हौसले बुलंद होते रहे।
उधर, पीड़ित देवराज महतो की मां ने भी भावुक अपील करते हुए कहा कि महादेव महतो कई बार उनके बेटे की जान लेने की कोशिश कर चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर देवराज के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके जिम्मेदार महादेव महतो और उसके परिवार को ठहराया जाए।
लगातार हो रहे हमलों और धमकियों के कारण पीड़ित का परिवार डरा-सहमा है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक आरोपी खुलेआम घूमता रहेगा, उनकी सुरक्षा पर खतरा बना रहेगा।
इस बीच, पुलिस ने देवराज महतो की लिखित शिकायत के आधार पर महादेव महतो, सुनील महतो समेत एक अन्य के खिलाफ आदित्यपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
