कंपनी प्रबंधन ने दिया 07 लाख रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को मिलेगी नौकरी...
आदित्यपुर: आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप स्थित ऑटो प्रोफाइल लिमिटेड यूनिट-3 में शुक्रवार सुबह तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, सड़क दुर्घटना में मृत श्रमिक का शव लेकर परिजनों ने कंपनी गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक की पहचान शांतनु बेहरा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उड़ीसा के रहने वाले थे और वर्तमान में जुलुमटाड़ में निवास कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, बीते मंगलवार की सुबह 6:00 बजे नाइट शिफ्ट की ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय केंदु गाछ के समीप एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा टीएमएच अस्पताल पहुंचाने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजन शुक्रवार सुबह शव लेकर कंपनी गेट पहुंचे और धरना देने लगे। परिजनों का कहना था कि इलाज में ढाई से तीन लाख रुपये का खर्च आया है और कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की जा रही है। इस बीच बड़ी संख्या में मजदूर भी धरना स्थल पर एकजुट होकर परिजनों के समर्थन में बैठ गए। कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत के बाद अंततः 07 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी देने की सहमति बनी। समझौते के बाद धरना समाप्त हुआ और गेट जाम खाली कराया गया।

