सरायकेला: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के अध्यक्ष श्री रमाशंकर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं।पूर्व सुलह बैठकें 13 अक्टूबर 2025 से शुरू हो गई हैं, जिनका उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व समझौता योग्य मामलों का निपटारा करना है।
यह लोक अदालत 13 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर कुल 11 पीठों का गठन किया गया है। सरायकेला सिविल कोर्ट में 8 बेंच तथा चांडिल अनुमंडलीय न्यायालय में 3 बेंच। इन बेंचों में समझौता योग्य, छोटे प्रकृति के, बिजली से संबंधित और सिविल मामलों की सुनवाई एवं निपटारा किया जाएगा।
पक्षकारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं, ताकि वे सुलह प्रक्रिया में भाग लेकर अपने मामलों का समाधान कर सकें। यह उल्लेखनीय है कि पिछली बार बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा हुआ था, जिससे लंबित मामलों में उल्लेखनीय कमी आई थी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विश्वास व्यक्त किया है, कि इस वर्ष की लोक अदालत भी “सभी के लिए न्याय की पहुंच” के उद्देश्य को और सशक्त करेगी।


