चांडिल: सरायकेला-खरसावाँ जिले के चांडिल अनुमंडल के कपाली ओपी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी मो. इरशाद को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं।
घटना 10 अक्टूबर की है, जब कपाली ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मो. इरशाद नाम का अपराधी केन्दडीह स्थित अलमनार स्कूल के पास गली में अवैध हथियार के साथ नशापान कर रहा है और किसी गंभीर वारदात की फिराक में है। सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद बिनहा के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल छापेमारी कर मो. इरशाद को डांगोडीह स्थित साततल्ला बिल्डिंग के सामने से लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत बताया कि गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कपाली ओपी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ Arms Act के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी मो. इरशाद पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, और आर्म्स एक्ट के कई कांड शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, अनुसंधानकर्ता रंजीत कुमार सिंह, तथा टाइगर मोबाइल टीम के जवानों की अहम भूमिका रही।
