अवैध लौह अयस्क उत्खनन पर प्रशासन मौन,पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने किया भंडाफोड़
झारखंड की धरती को लूटने वाले खनन माफिया अब खुलेआम प्रशासनिक संरक्षण में काम कर रहे हैं
santosh verma
Chaibasa ःपिछली रात 13अक्टूबर 2025 को लगभग 12:30 बजे, पूर्व मुख्यमंत्री
मधु कोड़ा ने नोवामुड़ी थाना अंतर्गत रेलवे साइडिंग नंबर 5 और 2 पर अवैध लौह अयस्क (Iron Ore) लोड करते हुए कई वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा। मौके से 8 हाईवा ट्रक, 1 JCB और 1 पे-लोडर (Hindustan Make) जब्त किए गए और सभी वाहन स्थानीय नोवामुड़ी थाना को सुपुर्द कर दिए गए।
घटनास्थल थाना से मात्र ढाई किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद, स्थानीय पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता और उदासीन रवैये ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध खनन माफियाओं को शासन-प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है। इससे इलाके के संसाधन, पर्यावरण और आम जनता का भविष्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा —
“झारखंड की धरती को लूटने वाले खनन माफिया अब खुलेआम प्रशासनिक संरक्षण में काम कर रहे हैं। मैंने स्वयं मौके पर अवैध खनन करते हुए दर्जनों गाड़ियों को पकड़ा, लेकिन स्थानीय थाना की चुप्पी बताती है कि ऊपर से ही आदेश है कि इन्हें न छेड़ा जाए। यह केवल खनिज की लूट नहीं है, बल्कि झारखंड के जनसंपत्ति, पर्यावरण और भविष्य की खुली लूट है। सरकार यदि ईमानदार है, तो तुरंत उच्चस्तरीय जांच कराए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे।”
उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी कई बार अवैध खनन करने वाली गाड़ियों को पकड़ा गया और थाना में रखा गया, परंतु कुछ समय के भीतर वे गाड़ियाँ छोड़ दी जाती रहीं — जिससे यह गहरा संदेह पैदा होता है कि खनन माफियाओं और सत्ता पक्ष के प्रभावशाली नेताओं के बीच मिलीभगत से यह कारोबार फल-फूल रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री की मांगें:
1. नोवामुड़ी थाना क्षेत्र में हुए अवैध खनन की स्वतंत्र जांच SIT या CBI से कराई जाय
2.राज्य भर में जारी अवैध खनन गतिविधियों पर कड़ा नियंत्रण और प्रभावी निगरानी तंत्र स्थापित किया जाए।यदि राज्य सरकार इस दिशा में शीघ्र और ठोस कदम नहीं उठाती है, तो पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने चेतावनी दी है कि वे जन आंदोलन के माध्यम से जनता को संगठित कर इस लूट के खिलाफ निर्णायक संघर्ष छेड़ेंगे।

