सरायकेला: सरायकेला जिले में पुलिस विभाग को शुक्रवार को गहरा आघात लगा। जिला बल में तैनात सब इंस्पेक्टर राजेश्वर राम का ड्यूटी के दौरान अचानक निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर राजेश्वर राम जज कॉलोनी के पास ड्यूटी पर तैनात थे। शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट से हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।
सब इंस्पेक्टर राजेश्वर राम मूल रूप से लातेहार जिले के रहने वाले थे। विभाग की ओर से उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए लातेहार भेजा जा रहा है।
पुलिस विभाग ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अधिकारियों ने कहा कि राजेश्वर राम कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती पुलिस अधिकारी थे। उनका जाना विभाग और जिले दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।
