नोवामुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पु रजक के खिलाफ राशन डीलर संघ नें खोला मोर्चा

 नोवामुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पु रजक के खिलाफ राशन डीलर संघ नें खोला मोर्चा



santosh verma

Chaibasa ः नोवामुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पप्पु रजक के खिलाफ प्रखंड राशन डीलर संघ ने नाराजगी जताते हुए मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, जिला स्तर से जारी निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेने और मनमानी रवैये के आरोप में शुक्रवार को यह विवाद गहराया। प्रखंड सभागार में आपूर्ति विभाग के ई-केवाईसी को लेकर बैठक प्रस्तावित थी। इस बैठक के लिए जिला से सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कांडीर को प्रतिनियुक्त किया गया था। सूत्रों के अनुसार, जैसे ही सुशील कांडीर राशन डीलरों संग सभागार पहुंचे, बीडीओ पप्पु रजक ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए सभी को बाहर निकाल दिया। इस घटना से आक्रोशित डीलर संघ ने बैठक का बहिष्कार करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक पप्पु रजक इस प्रखंड में पदस्थापित रहेंगे, वे किसी भी बैठक में शामिल नहीं होंगे। डीलर संघ ने इसकी शिकायत कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति अध्यक्ष मंजीत प्रधान से की। मंजीत प्रधान ने इस प्रकरण को गंभीर मानते हुए उपायुक्त से बीडीओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई, निलंबन एवं स्थानांतरण की अनुशंसा करने की मांग की। उन्होंने बीडीओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रखंड के अधिकांश पंचायत प्रतिनिधि भी उनसे नाराज हैं। आरोप है कि बीडीओ प्रखंड कार्यालय में दिखावे के लिए ही आते हैं—दोपहर 12 बजे कार्यालय पहुंचते हैं और एक घंटे बाद ही चले जाते हैं। अधिकतर समय टाटा स्टील गेस्ट हाउस में आराम फरमाने की चर्चा रहती है। साथ ही, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक कार्यों में भी लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। अपने अधीनस्थ कर्मियों से भी उनका तालमेल ठीक नहीं है। मंजीत प्रधान ने दो टूक कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो डीलर संघ के आंदोलन को व्यापक समर्थन दिया जाएगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post