कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला कंचनपाड़ा का है, जहां बीते देर रात चोरों ने सुभाष मंडल के घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर की दीवार फांदकर बिजली की सप्लाई काट दी और फिर अंदर घुसकर दो मोबाइल फोन व नगद राशि की चोरी कर ली।
सुभाष मंडल ने बताया कि घटना के समय वे, उनके परिजन कृष्णा मंडल और स्टाफ घर में सोए हुए थे।
इसी दौरान चोर अंधेरे का फायदा उठाकर घर में घुस गए। चोरों ने घर में रखे दो मोबाइल फोन उठाए और वहां से फरार हो गए। सुभाष मंडल ने यह भी बताया कि 3 दिन पहले ही उनके घर से 5 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कांड्रा इलाके में बीते कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इससे पहले साधन महांती की दुकान, छूटू गोराई के घर और एटीएम मशीन को भी चोरों ने निशाना बनाया था।
इन घटनाओं के बाद भी पुलिस अब तक किसी चोर को पकड़ नहीं पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन चोरी की घटनाओं से उनका चैन-सुकून छिन गया है। लोगों को अब रात में घर में चैन से सोने में भी डर लगने लगा है। लोगों का आरोप है कि पुलिस गश्त में लापरवाही बरत रही है, जिसके चलते चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

