चांडिल: सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में 6 सितंबर की रात हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गंभीर रूप से घायल मो. जैद खान उर्फ़ प्रिस बच्चा पर जानलेवा हमला करने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक लोडेड पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
यह घटना कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड नंबर-21, हैदर फैक्ट्री के पास हुई थी, जहाँ अपराधियों ने मो. जैद खान पर गोली चला दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अरविंद बिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इरफान राशिद उर्फ़ चांद और मो. शाहीद आफरीदी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी अंसारनगर, डैमडूबी के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने 7.65 एमएम का लोडेड पिस्टल और जिंदा गोली बरामद की। पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।
इस अभियान में एसडीपीओ चांडिल अरविंद बिन्हा, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, अनुसंधानकर्ता हसनैन असारी, रंजीत कुमार सिंह समेत पुलिस और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।

