जिले के 11 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में 8 सितंबर से शुरू होगी पढ़ाईःउपायुक्त चंदन कुमार
s
राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जिले के नोआमुंडी प्रखंड के गुवा में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान इसकी विधिवत घोषणा की जाएगी
santosh verma
Chaibasa ः पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त चंदन कुमार के द्वारा बताया गया कि आगामी 8 सितंबर 2025 से जिला अंतर्गत अवस्थित सभी 11 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों यथा- मंझारी, कुमारडुंगी, तांतनगर, सोनुआ, टोंटो, नोआमुंडी, मझगांव, गोईलकेरा, गुदड़ी, हाटगम्हरिया व मनोहरपुर में आवासीय व्यवस्था के साथ अध्यापन कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस हेतु विद्यालय परिसर में सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उक्त तिथि को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जिले के नोआमुंडी प्रखंड के गुवा में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान इसकी विधिवत घोषणा की जाएगी। उक्त सभी 11 विद्यालयों में नामांकन हेतु पश्चिमी सिंहभूम जिले के 1754 छात्र-छात्राओं के नामांकन आवेदन प्राप्त हैं।
उपायुक्त ने बताया कि लंबे समय से शिक्षक और अन्य सुविधाओं के अभाव के कारण नामांकन आवेदन प्राप्त होने और चयन के बावजूद इन विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य इत्यादि प्रारंभ नहीं हो पाए थे, जिसे जिला प्रशासन के द्वारा बहुत कम समय में दूर कर लिया गया है।* एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में अस्थायी अतिथि शिक्षकों के विभिन्न पदों पर नियुक्ति हेतु दिनांक 25.08.2025 को आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा में मेरिट लिस्ट के अनुसार उत्तीर्ण अभ्यार्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जाँच दिनांक 01.09.2025 एवं 02.09.2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक जिला समाहरणालय सभा कक्ष, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा में निर्धारित है। उक्त के आलोक मे उपरांकित प्रतियोगिता परीक्षा में उत्तीर्ण सभी अभ्यार्थियों को सूचित किया जाता है कि आवेदन में संलग्न किए गए शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति, आवासीय एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की मूल प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगें।
