कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता: पान
चाईबासा: सेवानिवृत्त शिक्षक पुरुषोत्तम दास पान को जिला कांग्रेस कमिटी, प०सिंहभूम के शिक्षा विभाग का चेयरमैन मनोनीत किए जाने के बाद शुक्रवार को कांग्रेस भवन , चाईबासा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास सहित कांग्रेसियों ने नव नियुक्त चेयरमैन श्री पान का एक सादे समारोह में स्वागत- अभिनंदन करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने बधाई देते हुए कहा कि आशा है आप कांग्रेस की नीति - सिद्धांत के अनुरुप कार्य करते हुए राजनैतिक, सामाजिक व सांगठनिक अनुभवों से पार्टी को मजबूती प्रदान करने की प्रदत्त जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं कर्मठता से करेंगे। संगठन के हित में नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।
वहीं नव नियुक्त शिक्षा विभाग के चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक/ शिक्षिका तथा शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों को कांग्रेस के नीति-सिद्धांत तथा विचारधारा से जोड़कर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
मौके पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, महासचिव अशोक बारिक, लियोनार्ड बोदरा, सेवानिवृत्त शिक्षक सुरसेन टोपनो, वरीय कांग्रेसी अजय कुमार, राकेश सिंह, सुशील दास, संजय साव, जोसेफ केसरिया, विजय नायक आदि उपस्थित थे।
