मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था में लगें है 175 सीसीटीवी कैमरा
चाईबासा/संतोष वर्मा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की मौजूदगी में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गई। उक्त बैठक में सिविल सर्जन, सदर चाईबासा व पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सामान्य शाखा प्रभारी, कारा अधीक्षक, स्पेशल ब्रांच के पुलिस उपाधीक्षक, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, नगरपरिषद चाईबासा के नगर प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कर सुरक्षा ऑडिट, आधारभूत संरचना, पेयजलापूर्ति एवं सीसीटीवी/स्कैनिंग मशीन क्रियान्वयन, साफ-सफाई सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा किया गया। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा कारा सुरक्षा समिति की बैठक निर्धारित तिथि को प्रत्येक माह आयोजित कराने, साथ ही जेल में बंद बंदी से मुलाकात हेतु कारा अधिनियम के तहत दिए गए निर्देश, बंदी के निकटतम संबंधी या उनके वकील सप्ताह में एक बार मुलाकात का अक्षरशः अनुपालन एवं बंदी एवं उनके सामान का स्कैनिंग मशीन से जांच के उपरांत कारा के भीतर प्रवेश का निर्देश कारा अधीक्षक को दिया गया।
उपायुक्त के द्वारा मंडल कारा में वर्तमान समय में अवस्थित भवनों एवं उसकी भौतिक स्थिति से संबंधित जानकारियों को लेकर भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि कारा के भवन से संबंधित खामियों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही जर्जर पानी टंकी को बेकार घोषित कर उसे ध्वस्त किया जाए, ताकि किसी भी तरह का घटना घटित ना हो। इसके साथ ही आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने से संबंधित विविध प्राक्कलन तैयार कर 20 दिनों के अंदर संबंधित विभाग को उपलब्ध कराने का भी निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया गया।
बैठक के दौरान बताया गया कि मंडल कारा में कुल 175 सीसीटीवी अधिष्ठापित है, जिस पर उपायुक्त के द्वारा निर्देश दिया गया कि सीसीटीवी अधिष्ठापन में संलग्न एजेंसी को सूचना प्रेषित कर समय-समय पर सभी कैमरों का जांच कराते हुए इसके क्रियान्वयन को दुरुस्त रखा जाए, साथ ही मंडल कारा में मौजूद सभी वायरलेस सेट भी पूर्ण रूपेण क्रियान्वित रहे, इसको भी सुनिश्चित किया जाए।


