Chaibasa: एन सिंघानिया जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता, 2024-25: चैलेंजर्स की लगातार दूसरी जीत, टर्मिनेटर्स को हराया


चाईबासा/संतोष वर्मा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सुशील कुमार सिंघानिया द्वारा प्रायोजित नथमल सिंघानिया जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे मैच में सिंहभूम चैलेंजर्स ने सिंहभूम टर्मिनेटर्स को 72 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। चैलेंजर्स की ये लगातार दूसरी जीत है। आज की जीत के साथ ही चैलेंजर्स के कुल आठ अंक हो गए हैं और अंक तालिका में वो पहले स्थान पर है और इसका फाईनल में पहूँचना लगभग तय है। 

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंहभूम चैलेंजर्स ने पूरे तीस ओवर खेलकर नौ विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। मध्यमक्रम में बल्लेबाजी करने आए फैजान सोहैल अंसारी ने आठ चौके एवं दो छक्के की सहायता से सर्वाधिक 61 रन बनाए। कप्तान कृपा सिंधु चंदन ने सात चौके एवं एक छक्का की सहायता से 47 रन तथा देवजीत डे ने 29 रनों का योगदान दिया। 

सिंहभूम टर्मिनेटर्स की ओर से प्रिंस कुमार यादव ने 28 रन देकर चार विकेट तथा चंदन प्रसाद ने 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए। दिव्यांश यादव एवं चिन्मय राय को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी टर्मिनेटर्स की पूरी टीम 29.4 ओवर में 123 रन बनाकर आल आउट हो गई। टर्मिनेटर्स की ओर से चिन्मय राय ने 40 तथा हितेष वैद्य ने 32 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। 

चैलेंजर्स की ओर से चाईनामैन गेंदबाज मो० इरफान ने सात रन देकर तीन विकेट तथा विप्लव मंडल ने 17 रन देकर दो विकेट हासिल किए। रमण प्रधान, कृपा सिंधु चंदन, प्रशांत कुमार गोप एवं फैजान सोहैल अंसारी ने एक-एक विकेट हासिल किए। 
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सिंहभूम चैलेंजर्स के फैजान सोहैल अंसारी को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post