चाईबासा: चाईबासा के इंडोर स्टेडियम परिसर में अवस्थित पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ के कार्यालय में वार्षिक आम बैठक संघ के अध्यक्ष नितिन प्रकाश की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस बैठक में विभिन्न खेल संघों से आए पदाधिकारीयों को संघ के महासचिव अजय नायक ने स्वागत करते हुए अबतक के क्रियाकलापों एवं उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। वहीं संघ के कोषाध्यक्ष दीपक पासवान ने वार्षिक आय व्यय एवं खर्च ब्योरा सबके समक्ष प्रस्तुत किया।
अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने अपने मन्तव्य में कहा कि भारतीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त सभी खेल संघ पश्चिम सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ में आवश्यक रूप से निबंधन कराएं ताकि खिलाडिय़ों को यथासंभव मदद की जा सके। साथ ही विभिन्न खेल संघों से राज्य/राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर आने वाले खिलाड़ियों की सूचना संघ को जरूर दें ताकि खिलाडिय़ों का स्वागत - सम्मान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन से बात कर जल्द ही रायफल क्लब/एयर गन एसोसिएशन का गठन कर शूटिंग के क्षेत्र में जिला के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही जिले भर में खेल के प्रति जागरूकता अभियान चलाएगी और प्रत्येक प्रखण्ड से एक खेलप्रेमी को संघ में कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जोड़ा जाएगा।
वहीं संघ उपाध्यक्ष जगत माझी ने कहा कि सभी खेल संघों से समन्वय स्थापित करते हुए खेलकूद क्रियाकलापों का एक वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा ताकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से पूर्व खिलाड़ी चयनित होकर तैयार रहेंगे और अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। प्रतियोगिताओं को प्रखंड,अनुमंडल एवं जिला स्तर पर आयोजित करने पर भी सहमति बनी। महासचिव अजय नायक ने विभिन्न खेलों के लिए जिला खेल महोत्सव एवं जिला स्कूल गेम्स आयोजित कराने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया एवं अयोजन से पूर्व उसकी रूपरेखा तैयार करने पर सहमति बनी।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जाने वाले खेल प्रतियोगिताओं को भी जिला ओलंपिक संघ के माध्यम से संपन्न कराने हेतु जल्द ही संघ प्रतिनिधि मण्डल उपायुक्त, जिला खेल पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ संयुक्त रूप से बैठक कर अपनी बात रखेगी। पेरिस में आयोजित हो रही ओलंपिक गेम्स में राइफल शूटिंग में भारत की मनु भाकर के कांस्य पदक जीतने पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ की ओर से बधाई भी दी गई।
इस बैठक में उपाध्यक्ष नीरज संदवार, गौरी शंकर महतो, संयुक्त सचिव बसंत खंडेलवाल, संजय चौबे, अनुराग शर्मा, पंकज कुमार सिंह, कार्यकारिणी सदस्य कश्मीर कांडेयांग, ओंकार महतो, संजीव कुमार बहांदा, मानकी कुदादा, गंगाधार नाग, नरेश हेस्सा, गुलंची बांदा, मुकेश मोदी, अर्जुन बानरा, महर्षि महेन्द्र सिंकू, एस एस कामराज, सुमित विश्वकर्मा, राजेश बारी, अर्पित खिरवाल, एल मनोहर कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे।



.jpeg)