उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने सरायकेला में किया सामूहिक योगा शिविर का उद्घाटन और संदेश दिया कि योग को दिनचर्या में शामिल करें, इधर दिन भर लोगों में योगा से होने वाली फायदे की चर्चा होती रही
सरायकेला/दीपक कुमार दारोघा: 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरायकेला खरसावां जिला के विभिन्न स्थानों में आयोजित हुई योगाभ्यास में शामिल हुए लोग दिन भर चौक चौराहे में योग से होने वाली फायदे की चर्चा करते रहे।
इनडोर स्टेडियम सरायकेला में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास शिविर में जिला के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला भी पहुंचे एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला ने उपस्थित सभी को संदेश दिया कि योगा को दिनचर्या में शामिल करें।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, डीडीसी प्रभात कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभाग्य कर्मी, पुलिस बल, छात्र-छात्राएं, स्थानीय लोग भी शामिल थे। इस दौरान देवु चंद्र डे, गणेश चौबे एवं योग टीम द्वारा सामान्य योगा के विभिन्न क्रियाओं को कराया गया। साथ ही योगा करने की विधि, योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक फायदे की बात भी बताई गई।
रेलवे इंस्टिट्यूट सीनी में आयोजित योगा शिविर में भी रेलवे कर्मी, पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थियों ने भाग लिया। इससे पहले सहायक कार्मिक पदाधिकारी (कारखाना) श्री पी.रवि किरण, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता चितरंजन पटनायक, आर.के दास, अरविंदो सतपथी, योगा शिक्षक सुदर्शन राव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में योग शिक्षक सुदर्शन राव, राजेश कुमार ने योगासन बताये। और सभी से अपील की कि योगा को दैनिक जीवन में अपनाएं।
इधर सरायकेला स्थित कुमार विजय प्रताप सिंहदेव राज्य संपोषित बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय (सीएम उत्कृष्ट विद्यालय) में भी छात्राएं योगाभ्यास में शामिल हुए एवं योग के गुर सीखे। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक दिलीप कुमार महतो भी उपस्थित थे। छात्राओं ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक नारायण कुमार के मार्गदर्शन में योग के गुरु सीखे। योग दिवस के दिन सुबह मौसम भी खुशनुमा रहा। धूप नहीं होने के कारण सभी छात्राओं ने विद्यालय प्रांगण में योगाभ्यास किया।
बताते चलें कि नेहरू युवा केंद्र एवं विभिन्न संस्थाओं के द्वारा भी विभिन्न प्रखंड में योगा शिविर आयोजित कर योगा के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इधर दिन भर चौक चौराहों पर लोगों में चर्चा होती रही कि स्वस्थ जीवन के लिए योग अति आवश्यक है।





