सरायकेला/दीपक कुमार दारोघा: लोकतंत्र महापर्व में उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 4 जून को होगी। झारखंड के 14 लोकसभा सीट के लिए हुए मतदान के बाद 4 जून को होने वाली मतगणना के लिए तैयारी पूरी हो चुकी है।
सोमवार को रांची निर्वाचन सदन धुर्वा में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने मीडिया को बताया कि मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गयी है। झारखंड के 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना 14 केंद्र पर होगी। मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। उसके बाद इवीएम के मतों की गणना होगी।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत मतगणना केंद्र के भीतर किसी भी तरह का क्म्युनिकेशन डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी। मतगणना केंद्र के भीतर गए एजेंट अगर एक बार भी मतगणना केंद्र के कैंपस से बाहर निकले, तो दोबारा वह भीतर नहीं जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि मतगणना के दौरान पलामू और चतरा में पारा 44 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। वहीं कोल्हान में दोपहर के बाद बारिश का पूर्वानुमान है।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 27 राउंड में चतरा व कोडरमा में मतगणना होगी। खूंटी में सबसे कम 16 राउंड में मतगणना होगी। उसी तरह गोड्डा में 26, हजारीबाग और धनबाद में 25, दुमका और सिंहभूम में 24, राजमहल में 23, पलामू में 22, जमशेदपुर में 21, रांची और लोहरदगा में 20 तथा गिरिडीह में 19 राउंड में मतगणना होगी। पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 465 टेबुल बनाये गये हैं। वहीं इवीएम के मतों की गिनती 1429 टेबुलों पर होगी। उन्होंने यह भी बताया कि गाण्डेय विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 24 राउंड में होगी।
इसके साथ ही उन्होंने मीडिया को कई बिंदुओं पर जानकारी दी।
