मंडल कारा में डीएलएसए के तत्वावधान में बाबासाहब डॉ भीमराव जी अंबेडकर की जयंती मनाई गई


चाईबासा : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में स्थानीय मंडल कारा में बाबा साहब डॉ भीमराव जी अंबेडकर जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राधिकार के सदस्य विकास दोदराजका, सहायक एलएडीसी रत्नेश कुमार और पीएलवी संजय कुमार निषाद ने कारा में बंदियों के मध्य विधिक जागरूकता कार्यक्रम का भी संचालन किया, श्री दोदराजका ने प्राधिकार के द्वारा प्रदत सुविधाओं की जानकारी बंदियों को प्रदान की और बाबा साहब डॉक्टर भीम राव जी अंबेडकर के जीवन कर्म और संविधान निर्माण में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और चर्चा की।


उन्होंने बताया कि डॉक्टर अंबेडकर का जीवन ही एक शिक्षा है उन्होंने राष्ट्रीय एकता और समानता के लिए सदैव संघर्ष किया और संविधान निर्माण में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जेल अधीक्षक सुनील कुमार ने भी बंदियों को प्राधिकार की संरचना की जानकारी देते हुए उन्हें अच्छा नागरिक बनने को प्रेरित किया और डा अंबेडकर के जीवन को सभी के लिए प्रेरक बताया। इसके साथ ही सहायक एल ए डी सी रत्नेश कुमार ने स्थानीय मंडल कारा में आवासित बंदियों से मुलाकात कर उनके विरुद्ध मामलों की जानकारी ली और उनके बीच सामान्य कानूनी जानकारी भी प्रदान किया, प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक माह के पहले और दूसरे रविवार को प्राधिकार के द्वारा मंडल कारा में यह कार्यक्रम संचालित किया जाता है जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों को माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार निशुल्क विधिक सहायता प्रदान किया जाना है तथा वैसे बंदियों को जिनके पास अधिवक्ता ना हो उन्हें निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाना है। पीएलवी संजय कुमार निषाद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रेषित किया।
उपरोक्त जानकारी प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सिंह ने दी है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post