सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री रवि शंकर शुक्ला ने शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उक्त बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विद्यालयों मे संचालित योजना जैसे छात्रवृत्ति,एम डी एम, साइकिल वितरण,अध्यनरत बच्चों का आधार सिडिंग, इनरोलमेंट, पुस्तक वितरण, पुस्तकालयों की संचालन व्यवस्था, कक्षावार नामांकन इत्यादि का बारी बारी से समीक्षा की। और उन्होंने शत प्रतिशत बच्चो का बैंक खाता खुलवाकर इन्हे सरकार के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने का निर्देश दिए।
इस दौरान उपायुक्त नें कहा सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तथा शिक्षक अपनी मानसिकता बदलकर पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करें। ताकि शैक्षणिक वातावरण को नई दिशा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे ड्रेस कोड में विद्यालय आयें, बच्चों को निर्धारित चाट के अनुसार भोजन उपलब्ध हो, रसोई, बर्तन इत्यादि का समुचित साफ सफाई रहे इस पर विशेष ध्यान रखें। विद्यालय मे स्वच्छता सम्बंधित सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो यह सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर विद्यालयों में दी जा रही सुविधाओं से अवगत हों।
समीक्षा के दौरान उन्होनें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत शत प्रतिशत बच्चों के स्वास्थ्य जांच कराने को लेकर सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के चिकित्सक के साथ आपसी तालमेल स्थापित कर रूटचार्ट निर्धारित कर विद्यालयों में बच्चो का स्वास्थ्य जाँच कराने के निदेश दिए। साथ ही महिला साक्षरता दर में वृद्धि लाने के उद्देश्य से पंचायत स्तर से शिक्षित महिलाओं का चयन कर उन्हें प्रखंड एवं जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान करते हुए समाज की अशिक्षित महिलाओं को शिक्षा प्रदान करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार गागराई, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी, सभी बीईईओ, बीआरपी, सीआरपी, बीपीओ, केजीबीभी के वार्डन की उपस्थिति रही।


