नरसंडा ग्रामसभा की बैठक में नियम उल्लंघन पर एसडीओ हुए सख्त
कोल्हान भूमि बचाओ समिति के अध्यक्ष विनोद कुसावैयां, नरसंडा के मुखिया श्रीराम सुंडी समेत डेढ़ दर्जन ग्रामीणों को एसडीओ का नोटिस
चाईबासा ( संतोष वर्मा ) : कोल्हान भूमि बचाओ समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार सावैयां तथा नरसंडा पंचायत समेत डेढ़ दर्जन ग्रामीणों को सदर एसडीओ ने नोटिस भेजकर नरसंडा ग्रामसभा की बैठक में नियम उल्लंघन मामले में जवाब तलब किया है। जिन लोगों को नोटिस भेजा गया है उसमें विनोद कुमार सावैयां समेत नरसंडा पंचायत के मुखिया श्रीराम सुंडी समेत ग्रामसभा के कुछ पदाधिकारी तथा सदस्य शामिल हैं। ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले नरसंडा गांव में मुखिया श्रीराम सुंडी ने ग्रामसभा बुलाकर ग्राम मुंडा की जगह खुद ही अध्यक्षता की थी।
जबकि पंचायती राज अधिनियम के मुताबिक व पारंपरिक व्यवस्था के तहत भी ग्रामसभा की अध्यक्षता का अधिकार ग्राम मुंडा का है। नियम के इसी उल्लंघन के मद्देनजर एसडीओ ने नोटिस भेजा था। नोटिस पाने के बाद मंगलवार को सभी लोग एसडीओ कार्यालय पहुंचे और अपना पक्ष रखा। एसडीओ ने पक्ष सुनने के बाद नियम-कानून के दायरे में रहकर कार्य करने की हिदायत दी। ज्ञात हो कि नरसंडा में कुछ दिन पूर्व कथित जमीन फर्जीवाड़े को लेकर ग्रामसभा हुई थी। लेकिन इसमें ग्राम मुंडा को नहीं बुलाया गया था न ही ग्राम समा के अन्य वरीय पदाधिकारियों को। उसकी जगह नरसंडा पंचायत के मुखिया श्रीराम सुंडी ने अध्यक्षता कर दी थी जिसके बाद विवाद उत्पन्न हो गया था।
गांव के मुंडा ध्रुवा सुन्डी व ग्राम सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यह पहला मामला नहीं है पिछले कई दिनों से गांव के मुंडा व ग्राम सभा के अधिकतर पदाधिकारियों को बैठक की सूचना दिए वगैर मुखिया की अध्यक्षता में फरजी तरीके से ग्राम सभा की बैठक बुलाई जा रही थी। जिससे गांव का महौल भी प्रदुषित हो रहा था। इस घटना पर कोल्हान पोड़ाहाट मानकी मुंडा संघ ने भी कड़ा आपत्ति जताते हुए कहा है कि पारंपरिक व्यवस्था एवं पंचायती राज व्यवस्था ( पेसा कानून) के तहत मुंडा को मिले अधिकार क्षेत्र में दखलंदाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
