चाईबासा ( संतोष वर्मा ) : कोल्हान वन प्रमंडल, चाईबासा की ओर से बासाकुट्टी गांव में 74वां वन महोत्सव 2023 मनाया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में श्री दशरथ गगराई, खारसावां विधान सभा क्षेत्र, विशिष्ट अतिथि सिद्धार्थ होनहागा, प्रखंड प्रमुख, खुटपानी थे। कार्यक्रम की शुरूआत पौधारोपण व दीप प्रज्वलित के साथ सभी अतिथियों को पौधा देकर की गई। विधायक दशरथ गगराई ने अपने संबोधन में कहा कि आज विकास के दौर में पर्यावरण के संरक्षण हेतु सभी लोगों को आगे आना चाहिए हमारी थोड़ी सी प्रयास है हमारा पर्यावरण फिर से स्वच्छ हो सकता है इसीलिए जब भी मौका मिले पेड़ अवश्य लगाएं एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
कोल्हान वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री अभिषेक भूषण ने अपने संबोधन में कहा की 1950 में के. एम मुंशी के द्वारा वन महोत्सव की शुरुआत की गई और वन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य यह है की हम लोग विकासशील देश में निवास करते हैं यहां इकोनामी और इक्विटी के साथ इकोलॉजी को जोड़ने से ही देश का विकास हो सकता है। आने वाली पीढ़ी के लिए प्राकृतिक संपदा का पारंपरिक तरीके से उपयोग किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में भी आने वाली पीढ़ियां इसका उपयोग कर सकें। वन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को वनों के प्रति जागरूक करना है। वनों से होने वाले फायदे एवं वनों की संरक्षण हेतु बच्चों को जागरूक करना अत्यावश्यक है क्योंकि बच्चे ही कल का भविष्य है।
कृषि सलाहकार श्री बिरसा तिउ ने अपने संबोधन में कहा कि विकास के साथ पर्यावरण का संरक्षण करना अति आवश्यक है। विकास एवं पर्यावरण एक दूसरे के पूरक है हमें दोनों को एक साथ लेके चलना है।
दोपई मुखिया, धर्मेंद्र बोदरा ने कहा कि वनों के होने से धरती पर संतुलन बना रहता है। लेकिन आज के दौर में बढ़ती हुई आबादी की वजह से वनों का क्षेत्र काफी कम होता जा रहा है। जो एक चिंता का विषय है। हर किसी को वृक्षारोपण करना चाहिए और वन को बचाना होगा। उन्होंने लोगों से गर्मी के दिनों में जंगल में आग नहीं लगाने की अपील किए।
वन क्षेत्र पदाधिकारी, शंकर भगत ने अपने संबोधन में कहा कि विगत वर्षों हम लोग कोविड से हाहाकार में थे और यह ऑक्सीजन की कमी जलवायु परिवर्तन की वजह से हमारे जीवन पर काफी नकारात्मक असर डाल रही है। इस पृथ्वी के संतुलन में छेड़छाड़ के कारण हमें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है और हमारे आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित करने के लिए पेड़ लगाना अति आवश्यक है इससे पर्यावरण के संतुलन के साथ ही हमलोग भी प्रगतिशील बनेंगे उन्होंने सभी से अनुरोध किया गया है कि पर्यावरण के संतुलन के लिए पेड़ अवश्य लगाएं।
अंत में उन्होंने सभी को कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद दिया।
इस मौके पर दोपई मुखिया, धर्मेंद्र बोदरा, वन क्षेत्र पदाधिकारी, संतरा अखिलेश त्रिपाठी, कोल्हान वन प्रमंडल के सभी वनरक्षी एवं वनकर्मी, स्कूली बच्चे, ग्राम समितियों के सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित थें।



