चाईबासा ( संतोष वर्मा ) : सोमवार को आए तेज आंधी तूफान व बारिश को लेकर कई स्थानों में विद्युत तार टूटने एवं पेड़ों के गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही थी। जिससे आम जनमानस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामले को लेकर मंगलवार को इसकी जानकारी शहर के सामाजिक कार्यकर्ता राजाराम गुप्ता द्वारा चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा को दी गई।
इसके पश्चात विधायक दीपक बिरूवा ने डीबीसी कार्यालय पहुंचकर विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता से भेंटवार्ता कर विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से हो रही समस्या से अवगत करवा कर तत्काल शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पूर्णरूपेण विद्युत व्यवस्था बहाल करने की बात कही। विधायक ने अधीक्षण अभियंता से कहा कि प्रातः से पीएचडी के फिल्टर हाउस में विद्युत आपूर्ति नहीं होने से शहर में पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही।
इसके पश्चात अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर शहर में विद्युत आपूर्ति सुचारू किया जा सका। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि विद्युत आपूर्ति होने के पश्चात पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।
