पूर्वी सिंहभूम, मुसाबनी ( गणेश प्रसाद ): मुसाबनी प्रखंड के मेड़िया पंचायत अंतर्गत सोनागाड़ा गांव के दर्जनों कार्ड धारियों को बीते 4 माह से शिखा महिला मंडल सोनागाड़ा जन वितरण प्रणाली के संचालक द्वारा राशन नहीं दिए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। सोमवार को 50 से 60 की संख्या में कार्ड धारी मुसाबनी प्रखंड कार्यालय पहुंचकर जमकर बवाल काटा।
कार्ड धारियों ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी डॉ शंकर सिंह से मुलाकात कर उक्त डीलर की शिकायत करते हुए कहा कि डीलर द्वारा समय पर दुकान नहीं खोला जाता है। फ्री राशन देने में डीलर आनाकानी करते हैं। वजन सही नहीं दिया जाता है। कुछ बोलने पर कार्ड धारियों को धमकी दिया जाता है ।जिससे कार्ड धारी अब तंग आ गए हैं। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर डीलर का लाइसेंस रद्द करने की मांग की गई है। आपूर्ति पदाधिकारी ने कार्ड धारियों की समस्याओं को सुना एवं उन्हें भरोसा दिलाया कि वे जांच कर उचित कार्रवाई करेंगे ।प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी डॉ शंकर सिंह ने उक्त डीलर की दुकान की जांच की है। कार्ड धारियों का नेतृत्व मेड़िया पंचायत के पूर्व मुखिया राजेश किस्कू कर रहे थे।