खेती को लाभकारी बनाने में सोलर सिंचाई की अहम भूमिका, किसान सरकारी योजनाओं का उठाएं लाभ : जोबा माझी

 खेती को लाभकारी बनाने में सोलर सिंचाई की अहम भूमिका, किसान सरकारी योजनाओं का उठाएं लाभ : जोबा माझी




मनोहरपुर में 11 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप सेट का वितरण, कृषि कार्य से जुड़ने की सांसद ने की अपील



संतोष वर्मा

चाईबासा : किसान समृद्धि योजना के तहत शनिवार को मनोहरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में 11 किसानों के बीच सोलर पंप सेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी उपस्थित रहीं। सांसद ने लाभुक किसानों को सोलर पंप सेट प्रदान करते हुए कृषि कार्य को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को लाभकारी बनाने की अपील की। इस दौरान लाभुक सुगड़ सलीम चेरवा, नादो चेरवा, अजीत चेरवा, विश्राम चेरवा, प्रतिमा महतो, गंगाराम तिर्की, छगन लाल महतो, सोनाराम तिर्की, राजेश महतो, मोहन कुम्हार और मेजरीन सिंदरी को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप सेट प्रदान किए गए। मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर क्षेत्र के किसान मेहनतकश हैं। यहां कृषि की अच्छी संभावनाएं हैं और सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होने से खेती को और बेहतर बनाया जा सकता है। सोलर पंप सेट किसानों के लिए उपयोगी साबित होंगे और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने में मदद करेंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सोलर पंप वितरण का लक्ष्य बढ़ाने तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।

सांसद ने ग्रामीणों से कृषि कार्यों से जुड़ने और खेती को आजीविका का मजबूत साधन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर इनका लाभ उठाना चाहिए, ताकि कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सके। कार्यक्रम के दौरान संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों ने लाभुक किसानों को सोलर पंप के संचालन और उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। मौके पर बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, उप प्रमुख दीपक एक्का, मुखिया पूजा कुजूर, अशोक बांदा, बीटीएम, बंदना उरांव, चंचल रवानी, विक्रम सिंह, अजहर अली, मोहम्मद उमर, सहित लाभुक किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post