मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर गुवा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर गुवा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित



जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि


संतोष वर्मा

चाईबासा ः झारखंड राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक एवं दुखद निधन पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोआमुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा स्थित क्लब परिसर में जिला प्रशासन के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। शोकाकुल वातावरण में आयोजित इस सभा में राज्य के जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने दिवंगत मंत्री के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा में राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनके साथ सिंहभूम की माननीय सांसद श्रीमती जोबा माझी, मझगांव के विधायक नीरल पूर्ति, मनोहरपुर के विधायक जगत माझी, घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुरीन ने भी दिवंगत मंत्री के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू तथा उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार ने भी दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान दिवंगत मंत्री के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने उनके निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

गुवा क्लब परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा का वातावरण अत्यंत भावपूर्ण एवं शोकमय रहा। उपस्थित लोगों ने मौन भाव से दिवंगत मंत्री को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post