गांधी मैदान में फिर स्थापित होगी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा
सौंदर्यीकरण के दौरान हटाई गई प्रतिमा को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो ने उपायुक्त से की पहल की मांग
संतोष वर्मा
चाईबासा: चाईबासा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पुनः स्थापित किए जाने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण के क्रम में पूर्व में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को हटा दिया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार से मामले में यथोचित पहल करते हुए गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नई आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने का आग्रह किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि गांधी मैदान की पहचान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम और उनकी स्मृति से जुड़ी हुई है। इस ऐतिहासिक पहचान को किसी भी परिस्थिति में मिटने नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान का सौंदर्यीकरण आवश्यक है, लेकिन विकास और सौंदर्यीकरण के साथ शहर की ऐतिहासिक विरासत तथा महापुरुषों की स्मृतियों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि गांधी मैदान में महात्मा गांधी की नई आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए, ताकि आगामी 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती नई आदमकद प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा सके। वहीं, कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि गांधी मैदान केवल शहर का एक सार्वजनिक मैदान नहीं, बल्कि चाईबासा की ऐतिहासिक और भावनात्मक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृति से जुड़े इस मैदान में उनकी आदमकद प्रतिमा का होना शहरवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण के क्रम में प्रतिमा हटाई गई है तो अब उसी स्थान पर नई आदमकद प्रतिमा की स्थापना सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि गांधी मैदान की मूल पहचान और ऐतिहासिक महत्व बरकरार रहे।
त्रिशानु राय ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा, त्याग और राष्ट्रसेवा के प्रतीक है। उनकी स्मृति को चाईबासा की धरती पर और अधिक मजबूती से स्थापित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के आग्रह पर शीघ्र सकारात्मक पहल करेगा और 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर गांधी मैदान में नई आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर शहरवासियों को मिलेगा।
