सदर अस्पताल चाईबासा के रक्त अधिकोष को लाइसेंस मिलने पर खुशी की लहर
जिला झामुमो और जिले के सभी विधायक और सांसद का प्रयास रंग लाया : बुधराम लागुरी
रक्त अधिकोष को लाइसेंस मिलना पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि : लागुरी
संतोष वर्मा
Chaibasa : सदर अस्पताल चाईबासा के रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक) को पुनः लाइसेंस प्राप्त होने पर जिले के लोगों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को रक्त की उपलब्धता में कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। यह जानकारी झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस बयान जारी कर दी है. श्री लागुरी ने कहा कि हाल के महीनों में रक्त की कमी और लाइसेंस संबंधी समस्याओं को लेकर झामुमो जिला समिति, स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत थे।
रक्त अधिकोष को लाइसेंस मिलने से अब पश्चिमी सिंहभूम जिले के मरीजों को सुरक्षित एवं नियमित रूप से रक्त उपलब्ध कराने में बड़ी सहायता मिलेगी। विशेष रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना पीड़ितों तथा गंभीर रोगियों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा। यह उपलब्धि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन को बधाई दी है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि रक्त अधिकोष के सुचारू संचालन से मरीजों को अब दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा।
जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने रक्त अधिकोष को लाइसेंस मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रक्त की उपलब्धता प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इस दिशा में यह कदम जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही उन्होंने जिले के युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से नियमित रक्तदान करने की अपील की ताकि रक्त अधिकोष में पर्याप्त रक्त भंडार उपलब्ध रहे और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सके।
