पद्म भूषण से बढ़ा दिशोम गुरु का सम्मान, झारखंड की जनता के संघर्ष को मिली राष्ट्रीय पहचान: गणेश महाली


सरायकेला। झारखंड आंदोलन के महानायक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत किए जाने पर सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण बताया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सम्मान को उनकी धर्मपत्नी रूपी सोरेन को सौंपा जाना झारखंड की जनता के दशकों लंबे संघर्ष, त्याग और अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति का प्रतीक है।

गणेश महाली ने कहा कि यह सम्मान केवल शिबू सोरेन के व्यक्तित्व और कृतित्व का सम्मान नहीं है, बल्कि झारखंड की पहचान, संस्कृति, अस्मिता और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक संघर्ष का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु ने उस दौर में समाज की आवाज बुलंद की, जब आदिवासी और वंचित समुदायों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं था। जल, जंगल और जमीन की रक्षा से लेकर अलग झारखंड राज्य के गठन तक उन्होंने निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु का जीवन सत्ता की राजनीति से अधिक जनसंघर्ष, सामाजिक न्याय और जनसेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी। यही वजह है कि आज भी वे झारखंड के करोड़ों लोगों के दिलों में सम्मान, श्रद्धा और प्रेरणा के स्रोत बने हुए हैं।

गणेश महाली ने कहा कि पद्म भूषण सम्मान मिलने से दिशोम गुरु के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और गौरव प्राप्त हुआ है। यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों को अपने समाज, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए सकारात्मक सोच, संघर्ष और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने झारखंड की भावनाओं, इतिहास और संघर्ष का सम्मान किया है। यह पल पूरे राज्य के लिए गर्व, सम्मान और खुशी का विषय है। अंत में उन्होंने दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार, आदर्श, संघर्ष और जनसेवा की विरासत आने वाले वर्षों तक समाज को दिशा देती रहेगी।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post