रेलवे अंडर पास , चाईबासा तथा इसके वैकल्पिक मार्गों पर मूलभूत नागरिक सुविधाएं प्रदान की जाए : त्रिशानु राय
santosh verma
Chaibasa: रेलवे अंडर पास , चाईबासा तथा इसके वैकल्पिक मार्गों पर मूलभूत नागरिक सुविधाएं प्रदान किए जाने की मांग को लेकर जनहित में मंगलवार को कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने मंडल रेल प्रबंधक , चक्रधरपुर रेल मंडल को द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी , सदर चाईबासा संदीप अनुराग टोपनो को एक ज्ञापन सौंपा है। सौंपे ज्ञापन में त्रिशानु राय ने कहा कि आमला टोला , चाईबासा स्थित रानी सती मंदिर मार्ग में रेलवे अंडर पास के पास अधिष्ठापित सौर्य ऊर्जा से संचालित मिनी हाई मास्ट लाईट कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है,तथा कोई पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानी होती है। यह अंडर पास काफी महत्वपूर्ण मार्ग है जो चाईबासा को जमशेदपुर से द्वारा कुजू जोड़ती है। वहीं अंडर पास के बगल वैकल्पिक मार्गों में भी प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है जो बांधपाड़ा , दुम्बीसाई , सिकुसाई , ताम्बो चौक आदि महत्वपूर्ण मार्गों को जोड़ती है । आगे त्रिशानु राय ने कहा कि विशेषकर बारिश के दिनों में अंडर पास में जल जमाव की भी स्थिति बनी रहती है , इस स्थिति में आवागमन करने वालों लोगों का चलना दूभर हो जाता है। विशेषकर छोटे वाहनों को काफी दिक्कत होती है। दिन के समय काफी संख्या में सरकारी तथा गैर सरकारी विद्यालयों के छात्र , अभिभावक तथा शिक्षकों का आवागमन रहता है। इस मार्ग से ही अधिकांश स्थानीय लोग विधुत कार्यालय , गैस कार्यालय भी जाते है। चक्रधरपुर रेल मंडल द्वारा अंडर पास का तो निर्माण किया गया है किंतु मूलभूत सुविधाओं से इसे वंचित रखा गया है , जिससे आम जनमानस काफी परेशान है। वहीं संभावित दुर्घटनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता है ।
