सरायकेला/चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गोवंशीय पशुओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग 06 से 07 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध पशु कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि कपाली क्षेत्र के कई रिहायशी एवं गुप्त ठिकानों पर अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं का भंडारण किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित अंचल के मजिस्ट्रेट, पुलिस इंस्पेक्टर एवं कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार कर रहे थे।
कार्रवाई को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए जिला पुलिस बल के सैकड़ों जवानों को तैनात किया गया था। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। खबर लिखे जाने तक कई स्थानों पर जांच जारी थी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध पशु तस्करी से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है।


