पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना में पदस्थापित जवान की संदिग्ध मौत, इंसास राइफल से चली गोली ने ली जान
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र में तैनात एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय किशोर खाका के रूप में हुई है, जिन्हें रविवार रात अपनी ही सर्विस इंसास राइफल से गोली लग गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। किरिबुरू के एसडीपीओ अजीत केरकेट्टा तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय किशोर खाका मूल रूप से गुमला जिले के रायडीह क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में टोन्टो थाना में पदस्थापित थे। वे इन दिनों सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में शामिल थे और सीआरपीएफ की 174वीं बटालियन के पालीसाई कैंप में तैनात थे। इस घटना को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि जवान पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे और उन्होंने खुद को गोली मार ली। वहीं दूसरी ओर यह भी संभावना जताई जा रही है कि वे अपनी राइफल की सफाई कर रहे थे, उसी दौरान अचानक गोली चल गई।गोली लगने के बाद साथी जवानों ने उन्हें तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली उनके गले के पास लगी थी, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी।फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा है कि घटना कैसे हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
