Saraikela: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का उपायुक्त ने किया निरीक्षण


सरायकेला: सरायकेला–खरसावाँ के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और छात्रावास प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण किया और छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का पूरा लाभ उठाने, लक्ष्य निर्धारित करने और बेहतर भविष्य के लिए मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।


इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, छात्रावास, भोजनालय और स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने वार्डन और शिक्षकों को निर्देश दिया कि परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और छात्राओं के लिए आवश्यक स्वच्छता सामग्री की उपलब्धता बनी रहे।


उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा सशक्त भविष्य की आधारशिला है, इसलिए छात्राओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का भी नियमित संचालन किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post