Saraikela Nagar Panchayat Election: “जनता का शोषण नहीं, शासन होगा” - अध्यक्ष पद प्रत्याशी सनंद कुमार आचार्या ने जारी किया 20 सूत्री प्रतिज्ञा पत्र


सरायकेला/न्यूज़ डेस्क: सरायकेला नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सनंद कुमार आचार्या (दुलु) ने आज अपना घोषणा-पत्र जनता के सामने रखा। घोषणा-पत्र का मुख्य नारा है — “जनता का शोषण नहीं, शासन होगा”

सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को केंद्र में रखते हुए सनंद कुमार आचार्या ने 20 सूत्री “पवित्र प्रतिज्ञा” जारी की है। इस घोषणा-पत्र में अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और भ्रष्टाचार पर सख्त रोक लगाने का वादा किया गया है।

घोषणा-पत्र के अनुसार, उत्कलमणि गोपबंधु दास आदर्श टाउन हॉल, विभिन्न शिव मंदिरों, सिद्ध कान्हू पार्क के निर्माण सहित नगर पंचायत क्षेत्र में अधूरी सड़कों और नालियों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षों से लंबित लगान निर्धारण की समस्या को दूर करने के लिए बोर्ड से प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भेजने की बात कही गई है।

इसके साथ ही भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा और चोईत पोरोब को भव्य और रोशनी से परिपूर्ण आयोजन के रूप में मनाने, नगर पंचायत कार्यालय में कमीशनखोरी और घूसखोरी पर पूर्ण विराम लगाने का संकल्प लिया गया है।

घोषणा-पत्र में बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालयों को पुनः शुरू करने, जर्जर बस पड़ाव को अग्निशमन केंद्र में बदलने, सभी 11 वार्डों में समान रूप से शुद्ध पेयजल, पक्की सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

साथ ही कचरा उठाव, शव वाहन की व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, ओड़िया भाषा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, हाईटेक सामुदायिक शौचालय, नंगे बिजली तारों को हटाने, ट्रांसफार्मर और आधुनिक डस्टबिन लगाने जैसे कई जनहितकारी वादे शामिल हैं।

खरकाई नदी तट पर छठ घाट निर्माण और प्रत्येक वार्ड में खेल मैदान जैसी योजनाएं भी घोषणा-पत्र का हिस्सा हैं।

अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सनंद कुमार आचार्या ने कहा कि यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया, तो सरायकेला नगर पंचायत को भ्रष्टाचार-मुक्त, विकास-युक्त और नागरिक-हितैषी नगर बनाया जाएगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post