Ghatshila: प्रजापति समाज का होगा सर्वांगीण उत्थान, जल्द बनेगा माटी कला बोर्ड: प्रदीप मंडल


घाटशिला: झारखंड उपचुनाव के दौर में प्रजापति (कुंभकार) समाज को साधने की कोशिशों के बीच गुरुवार को जामताड़ा में समाज के बुद्धिजीवी वर्ग ने झारखंड सरकार और झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट करते हुए माटी कला बोर्ड के गठन की मांग उठाई।

जिले के प्रजापति समाज के दर्जनों लोग वरिष्ठ झामुमो नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आंदोलन सहयोगी रहे जगन्नाथ पंडित तथा समाज के जिला अध्यक्ष भागीरथ पंडित के नेतृत्व में झामुमो जिला कार्यालय पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की।

बैठक में जगन्नाथ पंडित ने कहा कि “हमारी निष्ठा झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ शुरू से रही है और आगे भी रहेगी। अब हमारी मांग है कि सरकार जल्द से जल्द माटी कला बोर्ड का गठन करे ताकि प्रजापति समाज के कारीगरों को सरकारी सहायता और प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।”

भागीरथ पंडित ने कहा कि माटी कला बोर्ड का गठन पूर्व में हो चुका था, परंतु बाद में यह निष्क्रिय हो गया। उन्होंने कहा, “हमारा समर्थन हमेशा से हेमंत सरकार के साथ रहा है। अब समय है कि हमारे समाज के हित में इस बोर्ड को पुनर्गठित किया जाए।”

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ झामुमो नेता प्रदीप मंडल ने समाज को भरोसा दिलाया कि हेमंत सोरेन सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा, “प्रजापति समाज ने हर दौर में पार्टी के साथ खड़े होकर सहयोग दिया है। सरकार भी इस समाज के विकास को लेकर गंभीर है। बहुत जल्द माटी कला बोर्ड का पुनर्गठन किया जाएगा और समाज के हित में विशेष फंड की व्यवस्था की जाएगी।”

इस पहल को समाज के लोगों ने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार से उन्हें पूर्ण उम्मीद है कि माटी कला बोर्ड के गठन के साथ प्रजापति समाज की कला और कारीगरी को नया आयाम मिलेगा।

बैठक में रविंद्र नाथ दुबे, परेस यादव, आनंद टुडू, किशोर रवानी, लालू अंसारी, विजय रवानी, हराधन पंडित, निमाई पंडित, प्रहलाद पंडित, काशीनाथ पंडित और वरुण पंडित सहित कई समाजसेवी उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post