Saraikela: उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न


सरायकेला: सरायकेला–खरसावाँ में शनिवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। उपायुक्त–सह–जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और समयबद्ध कार्य निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

सरायकेला समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से समन्वय बैठकें आयोजित करें और योजनाओं की प्रगति की स्वयं समीक्षा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाभुकों को योजनाओं का लाभ किसी भी मध्यस्थता के बिना सीधे विभागीय स्तर से उपलब्ध कराया जाए।


उपायुक्त ने राजस्व कार्यों में अनावश्यक देरी रोकने, उप–स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के लिए माँगी गई भूमि संबंधी प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को तुरंत भेजने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों के जन्म प्रमाणपत्र निर्गत करने और बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि छात्रवृत्ति सहित अन्य लाभ समय पर उपलब्ध हो सकें।

कृषि विभाग को मिट्टी परीक्षण कार्य में तेजी लाने, सभी पंचायतों में बीज वितरण समय पर सुनिश्चित करने और किसान समृद्धि योजना का लाभ पात्र किसानों तक पहुँचाने को कहा गया। भूमि संरक्षण विभाग को तालाब निर्माण–जीर्णोद्धार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा डीप बोरिंग एवं कृषि यंत्र संबंधी लंबित आवेदनों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए गए।


श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान, निर्माण स्थलों पर सूचना–बैनर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने और 10 से अधिक श्रमिक या 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाली सभी योजनाओं का पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। साथ ही जिन प्रखंडों में सिलाई प्रशिक्षण नहीं चल रहा, वहाँ केंद्रों को तुरंत प्रारंभ करने पर बल दिया गया।


समाज कल्याण विभाग को सर्वजन पेंशन, मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना समेत अन्य योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें शीघ्र जोड़ने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लाभुकों तक समय पर लाभ पहुँचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post