सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आज उपायुक्त की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा और विजयादशमी पर्व 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, निदेशक-DRDA डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार समेत विभिन्न विभागों और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित तिथि और जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन भी किया जाए। नगर निकायों को साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा प्रत्येक पंडाल में फर्स्ट ऐड बॉक्स, अग्नि सुरक्षा उपकरण और सहायता केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। महिलाओं और पुरुषों के लिए पृथक प्रवेश-निकास व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और पेयजल सुविधा की भी समुचित तैयारी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल और आधुनिक सुरक्षा उपकरण तैनात किए जाएँगे। भीड़ नियंत्रण के लिए फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग और मॉक ड्रिल आयोजित किए जाएँगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डीजे और अश्लील या उत्तेजक गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और केवल धार्मिक एवं भक्ति गीत ही बजाए जाएँगे। साथ ही अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों पर रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे किए जाएँ, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न हो सके।
