Manoharpur: जगत माझी ने सदन में की कोल्हान अधीक्षक के स्थायी पदस्थापना की मांग


चाईबासाःमनोहरपुर/संतोष वर्मा: विस क्षेत्र के विधायक जगत माझी ने सोमवार को विधानसभा में कोल्हान अधीक्षक के स्थायी पदस्थापना का मामला सदन में उठाया। तारांकित प्रश्न में विधायक ने सरकार से मांग किया की कोल्हान अधीक्षक का पद प्रभार में चलने के कारण आम नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

इसलिए जनहित में सरकार उक्त पद पर स्थायी पदस्थापना का विचार रखती है अथवा नहीं। विधायक के प्रश्नोत्तर में सरकार ने कहा है कि उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के पत्रांक-450 (बी)/रा०, दिनांक-05.03.2025 द्वारा प्रतिवेदित किया गया है कि कोल्हान अधीक्षक के पद पर सरकार के द्वारा समय-समय पर पदस्थापन की जाती रही है। 

वर्तमान में यह पद रिक्त रहने की स्थिति में उनके कार्यालय आदेश ज्ञापांक- 479 (बी) दिनांक 04.12.2024 के द्वारा अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर चाईबासा को इस पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। साथ ही कहा है कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखण्ड, रांची द्वारा झारखण्ड प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारियों की सेवा अनुमंडल पदाधिकारी /दण्डाधिकारी के पद पर पदस्थापन हेतु विभाग को प्राप्त होने के उपरांत पदस्थापन की कार्रवाई की जाएगी।

मालूम हो कि मानकी-मुंडा स्वशासन व्यवस्था के अंतर्गत कोल्हान अधीक्षक का पद काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। 1857 में सिपाही विद्रोह के बाद ब्रिटिश हुकुमत ने कोल्हान क्षेत्र में राजस्व संग्रह एवं अन्य प्रशासनिक कार्याें के लिए कोल्हान अधीक्षक के पद का सृजन किया था। परंतु विगत कुछ वर्षों से इस पद पर स्थायी पदस्थापना नहीं होने से मानकी-मुंडा को कार्य करने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post